जोधपुर। अदालतों की व्यस्त और तनावपूर्ण दिनचर्या के बीच जोधपुर में राजस्थान हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं ने एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल करते हुए ‘लीगल राइडर्स बाइकिंग ग्रुप’ बनाया है।
कोर्ट के बाहर स्पोर्ट्स और फिटनेस के जरिए खुद को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के उद्देश्य से शुरू किया गया यह ग्रुप आज अधिवक्ता समुदाय के बीच खास पहचान बना चुका है।

इस ग्रुप की शुरुआत महज दो अधिवक्ताओं से की गई थी, लेकिन धीरे-धीरे इसका दायरा बढ़ता गया।
आज ‘लीगल राइडर्स’ से जोधपुर शहर के एक दर्जन से अधिक अधिवक्ता जुड़ चुके हैं, जो नियमित रूप से रोड राइड का आयोजन करते हैं।
सर्दी हो, गर्मी हो या बारिश—यह ग्रुप बाइक राइड से पीछे नहीं हटता और हर मौसम में फिटनेस व अनुशासन का संदेश देता है।

सिर्फ राइड नहीं, बड़ा संदेश भी
लीगल राइडर्स ग्रुप अवकाश के दिनों में शहर और शहर के आसपास राइड करता है। इन राइड्स के जरिए अधिवक्ता न केवल एक-दूसरे से जुड़ते हैं, बल्कि कोर्ट की भागदौड़ और मानसिक दबाव से दूर रहकर खुद को तरोताजा भी रखते हैं।

खास बात यह है कि यह ग्रुप केवल बाइकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि लीगल अवेयरनेस से जुड़े कार्यक्रमों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है और सामाजिक सरोकारों से जुड़कर जागरूकता फैलाने का काम करता है।
राइड के साथ ही अधिवक्ता सोशल मीडिया पर जोधपुर शहर और उसके आसपास के दर्शनीय स्थलों की भी जानकारी दे रहे हैं, जो बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए काफी उत्साहजनक होती है।

अधिवक्ता चिराग खत्री कहते हैं कि लीगल राइडर्स बाइकिंग ग्रुप का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, सड़क सुरक्षा और कानूनी जागरूकता के प्रति समाज को सजग करना तथा अधिवक्ताओं के बीच आपसी सौहार्द को मजबूत करना है।
वर्ष की पहली राइड आज
वर्ष 2026 में इस ग्रुप ने रविवार, 4 जनवरी को पहली राइड के रूप में एक विशेष बाइक राइड का आयोजन किया।

सुबह शुरू हुई इस राइड में अधिवक्ताओं ने जोधपुर की रिंग रोड और प्रमुख शहर मार्गों का भ्रमण किया। इस दौरान यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित और अनुशासित बाइकिंग का संदेश दिया गया।
राइड के दौरान सामाजिक सौहार्द और टीम भावना साफ दिखाई दी।
इस राइड में अधिवक्ता चिराग खत्री, दीपक व्यास, धैर्यादित्य, जयंत गर्ग, अभिषेक बिश्नोई और सुधार्शन डेलू शामिल रहे।
