लोहड़ी और मकर संक्रांति पर जजों और अधिवक्ताओं ने मनाया उत्सव
जयपुर। लोहड़ी और मकर का पर्व राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में खुशी और उत्साह के साथ मनाया गया.
गुरूवार को राजस्थान हाईकोर्ट में अवकाश के चलते बुधवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ने सभी अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को नए वर्ष, लोहड़ी और मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा ने पतंग उड़ाकर की. इसके बाद अन्य जजों ने भी पतंगबाजी में हिस्सा लिया।

किसी ने पतंग उड़ाई तो किसी ने डोर संभाली। आसमान में उड़ती रंग-बिरंगी पतंगों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।

जजों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने नमकीन बड़े और हलवे का स्वाद लिया और सभी ने मिलकर पारंपरिक व्यंजनों का आनंद उठाया।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आपसी मेलजोल बढ़ाते हैं और कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण बनाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान लोहड़ी पर्व के अनुसार पारंपरिक पौषबड़ा का भी आयोजन किया गया।

राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव सोगरवाल और महासचिव दीपेश शर्मा के साथ ही संपूर्ण कार्यकारिणी ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सहित जजों का स्वागत किया.

सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत महिला अधिवक्ताओं ने लोकगीतों और पारंपरिक गानों पर शानदार नृत्य किया।

गानों की धुनों पर युवा अधिवक्ता खुलकर झूमते नजर आए। संगीत और नृत्य ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया।

इस मौके पर जज और अधिवक्ता औपचारिक माहौल से हटकर एक-दूसरे के साथ हंसी-खुशी समय बिताते दिखे।

न्यायिक परिसर में इस तरह का आयोजन सभी के लिए खास रहा।

राजस्थान हाईकोर्ट परिसर के फ्रंट लॉन में दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक आयोजित हुए इस कार्यक्रम में राजस्थान हाईकोर्ट के जज, अधिवक्ता और रजिस्ट्री के अधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।