कॉलेजियम की सिफारिश पर केंद्र की मुहर, राष्ट्रपति भवन ने जारी किया नियुक्ति वारंट; जल्द राजभवन में लेंगे शपथ
जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट को नया नियमित मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल राजस्थान हाईकोर्ट के 44 वें नियमित मुख्य न्यायाधीश होंगे।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश को केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद राष्ट्रपति भवन से उनकी नियुक्ति का वारंट जारी कर दिया गया है।
जस्टिस अग्रवाल के राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेने का रास्ता अब साफ हो गया है।
राजभवन में आयोजित होने वाले समारोह में राज्यपाल उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
राजस्थान हाईकोर्ट के विवादित दौर के बीच अहम नियुक्ति
राजस्थान हाईकोर्ट में चल रहे प्रशासनिक और न्यायिक विवादों के बीच 31 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने जस्टिस संजय के. अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश की थी।
अब केंद्र की मंजूरी और राष्ट्रपति भवन से वारंट जारी होने के बाद इस नियुक्ति पर औपचारिक मुहर लग गई है।
जस्टिस अग्रवाल के पास न्यायिक और प्रशासनिक दोनों क्षेत्रों का लंबा अनुभव है। मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति को राजस्थान हाईकोर्ट के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कौन हैं जस्टिस संजय के. अग्रवाल?
15 जुलाई 1965 को रतनपुर, बिलासपुर में वीरेंद्र अग्रवाल और चमेली अग्रवाल के परिवार में जन्मे जस्टिस संजय के. अग्रवाल ने प्रारंभिक शिक्षा रतनपुर से प्राप्त की।
उन्होंने गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर से बीएससी और एलएलबी तथा पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से एलएलएम किया।
उन्होंने 3 जनवरी 1989 को अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया।
इसके बाद बिलासपुर जिला एवं सत्र न्यायालय, मध्यप्रदेश हाईकोर्ट जबलपुर और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में वकालत की। उनका प्रमुख कार्यक्षेत्र सिविल और संवैधानिक कानून रहा।
लंबे कानूनी करियर में उन्होंने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट सहित BCCI, बार काउंसिल ऑफ इंडिया, SBI, Canara Bank, BPCL, IOCL और SAIL समेत कई प्रमुख संस्थाओं, सरकारी निकायों और कॉरपोरेट समूहों का प्रतिनिधित्व किया।
एडवोकेट जनरल से हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश तक
जस्टिस अग्रवाल ने 1 मार्च 2002 से 29 फरवरी 2004 तक छत्तीसगढ़ के डिप्टी एडवोकेट जनरल के रूप में कार्य किया।
इसके बाद 25 जून 2012 को उन्हें छत्तीसगढ़ का एडवोकेट जनरल नियुक्त किया गया। न्यायाधीश के रूप में पदोन्नति तक उन्होंने इस पद की जिम्मेदारी संभाली।
16 सितंबर 2013 को उन्हें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। बाद में 8 मार्च 2016 को उन्होंने स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।
अब न्यायिक और प्रशासनिक अनुभव के लंबे सफर के बाद जस्टिस संजय के. अग्रवाल राजस्थान हाईकोर्ट की कमान संभालने जा रहे हैं।