राजस्थान हाईकोर्ट के 44 वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में होगी नियुक्ति की औपचारिक शुरुआत, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े दिलाएंगे पद एवं गोपनीयता की शपथ
जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल रविवार देर रात दिल्ली से सड़क मार्ग द्वारा जयपुर पहुंच गए।
जयपुर पहुंचने पर गांधीनगर स्थित मुख्य न्यायाधीश आवास पर उनका स्वागत किया गया।
जस्टिस संजय के. अग्रवाल सोमवार को राजस्थान हाईकोर्ट के 44वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदभार ग्रहण करने से पूर्व राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे।
राजभवन में सुबह 9:30 बजे आयोजित होने वाले गरिमामय समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े जस्टिस संजय के. अग्रवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी सहित राज्य सरकार के मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश तथा न्यायिक और विधिक जगत से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे.
दिल्ली से सड़क मार्ग से पहुंचे जयपुर
नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल का जयपुर आगमन देर रात हुआ। वे दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए जयपुर पहुंचे।
इसके बाद वे गांधीनगर स्थित मुख्य न्यायाधीश के आधिकारिक आवास पहुंचे, जहां उनका औपचारिक स्वागत किया गया।
राजस्थान की न्यायपालिका के लिए सोमवार का दिन महत्वपूर्ण रहने वाला है। जस्टिस संजय के. अग्रवाल के शपथ ग्रहण के साथ ही राजस्थान हाईकोर्ट को अपना नया मुख्य न्यायाधीश मिलेगा और प्रदेश की न्यायिक व्यवस्था में एक नए अध्याय की शुरुआत होगी।