Live Updates


जयपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर वर्ष 2025 की चौथी और अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत का आज शुभारंभ किया गया.
राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर पीठ में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा ने द्वीप प्रज्ज्वलित कर लोक अदालत का उद्दघाटन किया.
इस मौके पर राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ जज जस्टिस महेन्द्र गोयल, जस्टिस अनिल उपमन, जस्टिस प्रवीर भटनागर, जस्टिस संदीप तनेजा, जस्टिस बिपिन गुप्ता सहित कई जज, न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता मौजूद रहें.
वही जोधपुर मुख्यपीठ में वरिष्ठ जज जस्टिस पुष्पेन्द्रसिंह भाटी ने द्वीप प्रज्ज्वलित कर राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ किया.
राज्य विधिक सेवा प्राधिकारण के तत्वावधान में राजस्थान हाईकोर्ट विधिक सेवा समिति की ओर से राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर मुख्यपीठ और जयपुर पीठ में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा हैं.
यह राष्ट्रीय लोक अदालत वर्ष 2025 की अंतिम और चतुर्थ राष्ट्रीय लोक अदालत है, जो पूर्व में 13 दिसंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन जैसलमेर में आयोजित हुई कॉन्फ्रेंस के चलते स्थगित करते हुए हाईकोर्ट में 19 दिसंबर और अधीनस्थ अदालतों में 21 दिसंबर को तय की गई।
4214 मुकदमे चिन्हित
वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए राजस्थान हाईकोर्ट में कुल 4214 मुकदमे आपसी सहमति से समझौते के जरिए निस्तारण के लिए चिन्हित किए गए हैं।
रालसा के सदस्य सचिव डॉ. हरिओम अत्री के अनुसार राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर में कुल 3324 मुकदमे और जोधपुर मुख्यपीठ में कुल 890 मुकदमे सुनवाई के लिए चिन्हित किए गए हैं।