जब नकारात्मक खबरों के बीच एक वकील ने इंसानियत की मिसाल पेश की, तब उम्मीद ने फिर सिर उठाया
जयपुर। अक्सर समाज में अधिवक्ताओं और विधि जगत से जुड़ी खबरें विवाद, टकराव या नकारात्मक घटनाओं के रूप में सामने आती हैं।
ऐसी खबरों पर हर वर्ग अपनी राय देता है, बहस होती है, आलोचना होती है।
लेकिन आज राजस्थान हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता ने ऐसा कार्य किया है, जो न केवल विधि जगत बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा का विषय बन गया है।
राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर में प्रैक्टिसरत एडवोकेट चन्द्रकांत चौहान ने स्वेच्छा से देहदान करने का संकल्प लिया है और इसके लिए राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एसएमएस अस्पताल, जयपुर में अपना पंजीकरण भी करवा दिया है।
अधिवक्ता चन्द्रकांत चौहान ने SMS Medical College, जयपुर के Anatomy Department में स्वेच्छा से देहदान का संकल्प लेते हुए स्वयं को पंजीकृत कराया।

उन्होंने यह निर्णय इस भावना के साथ लिया कि मृत्यु के बाद भी उनका शरीर चिकित्सा शिक्षा, शोध कार्य और जरूरतमंद मानवता के काम आ सके।
यह केवल एक औपचारिक घोषणा नहीं, बल्कि समाज को जीवन के बाद भी जीवन देने का संदेश है। यह वह सोच है, जो इंसान को केवल अपने लिए नहीं, बल्कि दूसरों के लिए जीना सिखाती है।
देहदान हैं महादान
देहदान को समाज में सबसे महान दानों में गिना जाता है, क्योंकि यह केवल शरीर का दान नहीं, बल्कि भविष्य के डॉक्टरों के ज्ञान, चिकित्सा अनुसंधान और अनेक जीवनों के कल्याण का माध्यम बनता है।
चौहान का यह कदम समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणा है कि जीवन समाप्त होने के बाद भी इंसान दूसरों के लिए उपयोगी बन सकता है।

आज जब दुनिया स्वार्थ, प्रतिस्पर्धा और निजी हितों में उलझती जा रही है, तब एडवोकेट चन्द्रकांत चौहान ने यह साबित किया है कि सेवा का अर्थ केवल जीवनकाल तक सीमित नहीं है।
इंसान अपनी अंतिम सांस के बाद भी किसी की आंखों में रोशनी, किसी शोध में सफलता और किसी जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद बन सकता है।
चन्द्रकांत चौहान अधिवक्ताओं के हितों, संघर्षों और अधिकारों की आवाज उठाने में हमेशा अग्रणी रहे हैं। वे अक्सर वकीलों के मुद्दों पर मजबूती से खड़े नजर आते हैं। लेकिन इस बार उन्होंने अदालत की दलीलों से नहीं, बल्कि अपने निर्णय से समाज को झकझोरने वाला संदेश दिया है।
उनका यह कदम कई अधिवक्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों को सोचने पर मजबूर करेगा कि हम समाज को क्या देकर जा रहे हैं। देहदान केवल शरीर का दान नहीं, बल्कि यह मानवता, विज्ञान और संवेदना का सबसे बड़ा उपहार है।

विधि समुदाय के लिए गर्व
राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के महासचिव दीपेश शर्मा ने अधिवक्ता चन्द्रकांत चौहान की इस प्रेरणादायक पहल का हृदय से स्वागत करते हुए कहा कि देहदान केवल एक निर्णय नहीं, बल्कि मानवता के प्रति सर्वोच्च समर्पण का प्रतीक है।

अधिवक्ता चन्द्रकांत चौहान ने यह साबित किया है कि एक अधिवक्ता केवल न्याय की लड़ाई नहीं लड़ता, बल्कि समाज को नई दिशा देने का साहस भी रखता है।
उनका यह संकल्प पूरे विधि समुदाय के लिए गर्व, प्रेरणा और संवेदना का संदेश है। ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक चेतना जगाते हैं और आने वाली पीढ़ियों को सेवा, संस्कार और मानव कल्याण की राह दिखाते हैं।
राजस्थान हाईकोर्ट बार परिवार उनकी इस महान सोच को नमन करता है।
आज दिन भर की हमारी एक ही हेडलाइन
लॉज एंड लीगल्स आज पूरे दिन अपने मुख्य पेज पर इसी शीर्षक के साथ एडवोकेट चन्द्रकांत चौहान की इस ऐतिहासिक और प्रेरणादायक पहल का समर्थन करेगा।
क्योंकि समाज में सकारात्मकता को सम्मान देना भी उतना ही जरूरी है, जितना गलतियों पर सवाल उठाना।
आज जरूरत है कि हम ऐसी खबरों को आगे बढ़ाएं, ऐसे लोगों का सम्मान करें और यह समझें कि बदलाव भाषणों से नहीं, संकल्पों से आता है।
एडवोकेट चन्द्रकांत चौहान ने बता दिया है कि वकालत केवल कानून की लड़ाई नहीं, बल्कि इंसानियत की राह भी है।

यदि आपके पास भी विधि जगत, अधिवक्ता समुदाय या समाज से जुड़ी कोई सकारात्मक खबर है, तो जरूर साझा करें। क्योंकि उम्मीद की खबरें ही समाज को मजबूत बनाती हैं।
