जयपुर, 14 दिसंबर
राजस्थान हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने रविवार को विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया.
सोमवार से मलमास के प्रारंभ होने से पूर्व रविवार को शुभ मुहूर्त में आयोजित इस समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के कार्यभार ग्रहण किया गया.
कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान अध्यक्ष पद पर निर्वाचित एडवोकेट राजीव सोगरवाल, महासचिव दीपेश शर्मा, उपाध्यक्ष अनुराग कलावाटिया सहित सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को मुख्य चुनाव अधिकारी दिनेश पाठक ने औपचारिक रूप से उनके दायित्व सौंपे.

पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ पदाधिकारियों से दायित्व ग्रहण करवाया गया और बार एसोसिएशन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.
इस अवसर पर मुख्य चुनाव अधिकारी दिनेश पाठक ने नव निर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजस्थान हाई कोर्ट बार एसोसिएशन की गरिमा बनाए रखना, अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करना और न्यायिक परंपराओं को और अधिक मजबूत करना सभी पदाधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है.
उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी पारदर्शिता, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी तथा अधिवक्ता समाज की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी।
इस मौके पर नव निर्वाचित अध्यक्ष राजीव सोगरवाल ने अपने संबोधन में कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगी.

उन्होंने बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, अधिवक्ताओं के पेशेवर हितों की रक्षा करने और अधिवक्ता कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का आधार है.
महासचिव दीपेश शर्मा ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बार एसोसिएशन को और अधिक सशक्त, संगठित और सक्रिय बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे.
उन्होंने भरोसा दिलाया कि अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा और संगठन को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्ष अनुराग कलावाटिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अधिवक्ता हितों के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई.
समारोह में बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिवक्ता, युवा वकील और पूर्व पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।