टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

राजस्थान हाईकोर्ट टीम बनी चैंपियन, 26वीं आर.के. मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब किया अपने नाम

Rajasthan High Court Team Wins 26th R.K. Memorial Cricket Tournament, Defeats Bar Association Jaipur ‘A’ in Final

प्रतियोगिता के दूसरे और अंतिम दिन जस्टिस अनिल उपमन और जस्टिस गणेशराम मीणा ने की शिकरत, विजेताओं को दी ट्राफी

जयपुर। अधिवक्ताओं के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने वाली प्रतिष्ठित रवि और आर.के. मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के 26वें संस्करण का खिताब इस वर्ष राजस्थान हाईकोर्ट (H.C.) टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत लिया।

रविवार को आयोजित हुए रोमांचक फाइनल मुकाबले में हाईकोर्ट टीम ने मजबूत खेल का प्रदर्शन करते हुए दी बार एसोसिएशन जयपुर ‘ए’ टीम को 8 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया और प्रतियोगिता अपने नाम कर ली।

यह दो दिवसीय प्रतियोगिता जयपुर के सीरसी रोड स्थित संस्कार क्रिकेट एकेडमी मैदान पर आयोजित की गई, जिसमें अधिवक्ताओं की चार प्रमुख टीमों—राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, दी बार एसोसिएशन जयपुर ‘ए’ टीम, दी बार एसोसिएशन जयपुर ‘बी’ टीम और जजेज इलेवन—ने भाग लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का जबरदस्त माहौल देखने को मिला।

जस्टिस अनिल उपमन ने किया फाइनल मैच का शुभारंभ

रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले का शुभारंभ राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस अनिल कुमार उपमन ने टॉस कर किया।

इस अवसर पर उन्होंने दोनों टीमों के कप्तानों और खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और खेल भावना के साथ मुकाबला खेलने का संदेश दिया।

मैदान पर मौजूद दर्शकों और अधिवक्ताओं ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे मैच का माहौल अंत तक रोमांचक बना रहा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए ‘ए’ टीम ने बनाए 172 रन

फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दी बार एसोसिएशन जयपुर ‘ए’ टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में संघर्षपूर्ण प्रदर्शन करते हुए 172 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

टीम की ओर से अजीत सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 37 रन बनाए, जबकि ज्ञानेश्वर सिंह ने 29 रन और अमित ने 20 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

हालांकि टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही, जिससे अंतिम ओवर की आखिरी गेंद पर पूरी टीम ऑलआउट हो गई।

राजस्थान हाईकोर्ट टीम के गेंदबाजों ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए विरोधी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोके रखा।

खासकर डेथ ओवरों में गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ से रन गति पर अंकुश लगाया, जिससे लक्ष्य सीमित दायरे में रहा।

हाईकोर्ट टीम की शानदार बल्लेबाजी

173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर की टीम ने शुरुआत में दो विकेट गंवाने के बाद शानदार वापसी की और केवल 17वें ओवर में 175 रन बनाकर मैच 8 विकेट से जीत लिया।

टीम की जीत के हीरो रहे रचित शर्मा, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 100 रन की मैच विजयी पारी खेली।

उन्होंने अपनी पारी के दौरान शानदार चौके-छक्के लगाते हुए विरोधी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। उनके साथ दूसरे छोर पर मोइन खान ने अर्धशतक बनाकर बेहतरीन साझेदारी निभाई, जिसने टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।

इससे पहले सिद्धार्थ ने 16 रन बनाए, जबकि कार्तिक 1 रन बनाकर आउट हुए।

रचित शर्मा की शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें “मैन ऑफ द मैच” घोषित किया गया। दर्शकों और अधिवक्ताओं ने उनके प्रदर्शन की जोरदार सराहना की।

2020 के बाद फिर हाईकोर्ट टीम ने जीता खिताब

इस जीत के साथ राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर ने वर्ष 2020 के बाद एक बार फिर 2026 में आर.के. मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। टीम की इस उपलब्धि को अधिवक्ताओं और खेल प्रेमियों ने बड़ी सफलता के रूप में देखा और खिलाड़ियों को बधाइयां दीं।

समापन और पुरस्कार वितरण समारोह

दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन शनिवार को जस्टिस मनीष शर्मा ने किया था। उन्होंने अधिवक्ताओं के बीच खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस बढ़ाते हैं बल्कि टीम भावना और आपसी समन्वय को भी मजबूत करते हैं।

वही फाइनल मैच के बाद रविवार दोपहर में प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया.

पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि हाईकोर्ट जज जस्टिस गणेशराम मीणा रहे।

उन्होंने विजेता राजस्थान हाईकोर्ट टीम और उपविजेता दी बार एसोसिएशन जयपुर ‘ए’ टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

साथ ही प्रतियोगिता के विभिन्न मैचों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

खिलाड़ियों, अंपायर और आयोजकों का भी हुआ सम्मान

समारोह में दोनों टीमों के खिलाड़ियों, अंपायरों, स्कोरर और आयोजन समिति के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव सोगरवाल, महासचिव दीपेश शर्मा सहित कई पदाधिकारियों और कार्यकारी सदस्यों का भी अभिनंदन किया गया।

इसके अलावा दी बार एसोसिएशन जयपुर के पूर्व अध्यक्ष राजेश कर्नल, कमल किशोर, वरिष्ठ अधिवक्ता शबीर खान तथा हाईकोर्ट बार के पूर्व महासचिव अंशुमान सक्सेना को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

पारंपरिक अंदाज में हुआ अतिथियों का स्वागत

प्रतियोगिता के अंत में पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता राजेन्द्र यादव और प्रतियोगिता के संयोजक एवं समाजसेवी डॉ. राकेश यादव ने मंच पर उपस्थित अतिथियों का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में साफा और मालाएं पहनाकर स्वागत किया।

कार्यक्रम का माहौल उत्साह और सम्मान से भरा रहा, जिसमें बड़ी संख्या में अधिवक्ता और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

खेल प्रतियोगिताएं बढ़ाती हैं आपसी सौहार्द की भावना

समापन समारोह को संबोधित करते हुए जस्टिस गणेशराम मीणा ने कहा कि अधिवक्ताओं के बीच खेल भावना और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता पिछले 26 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है।

हर वर्ष प्रतियोगिता में अधिवक्ताओं की बड़ी संख्या भाग लेती है और पूरे उत्साह के साथ मैच खेले जाते हैं।

जस्टिस गणेश मीण ने अपने निजी अनुभव शेयर करते हुए कहा कि अगर आर के साहब और संयोजक डॉ. राकेश यादव ने कई अधिवक्ताओं का साथ दिया और पिछले तीन दशक से अधिवक्ता इस क्रिकेट का हिस्सा बन रहे हैं.

उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं अधिवक्ताओं के व्यस्त पेशेवर जीवन में ऊर्जा और सकारात्मकता लाने का काम करती हैं, साथ ही विभिन्न बार एसोसिएशनों के बीच बेहतर समन्वय और भाईचारे की भावना को मजबूत करती हैं।

यादगार रहा 26वां संस्करण

इस वर्ष आयोजित प्रतियोगिता का 26वां संस्करण कई मायनों में यादगार रहा। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन, रोमांचक मुकाबलों और बड़े स्कोर वाले मैचों ने दर्शकों को खूब मनोरंजन दिया।

2020 के बाद एक बार फिर फाइनल मैच में हाईकोर्ट टीम की शानदार जीत ने पूरे टूर्नामेंट को यादगार बना दिया।

सबसे अधिक लोकप्रिय