जोधपुर/जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट, जोधपुर ने राजस्थान न्यायिक सेवा (RJS) परीक्षा–2025 के तहत सिविल जज कैडर में सीधी भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।
हाईकोर्ट की परीक्षा प्रकोष्ठ द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार साक्षात्कार के बाद तैयार की गई मेरिट सूची में कुल 44 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया है।
नोटिस में बताया गया कि यह भर्ती राजस्थान न्यायिक सेवा नियम, 2010 के तहत की गई है। परिणाम के साथ ही साक्षात्कार में सम्मिलित सभी अभ्यर्थियों के अंक, श्रेणीवार कट-ऑफ और रोल नंबरवार चयन सूची भी जारी कर दी गई है। चयन मेरिट के क्रम में किया गया है।
मेरिट सूची में कई अभ्यर्थियों ने 200 से अधिक अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया है। अनारक्षित श्रेणी में माधुलिका यादव ने 205.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया हैं.
वही प्रज्ञा गांधी, अंबिका राठौड़, अंकिता विशोक और मुस्कान गर्ग जैसे नाम शीर्ष पर रहे।
कट-ऑफ अंक इस प्रकार रहे
अनारक्षित वर्ग के लिए कट-ऑफ 190.5 अंक, ईडब्ल्यूएस के लिए 182 अंक, ओबीसी/एमबीसी-एनसीएल के लिए 168 अंक, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 146 अंक, अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 157.5 अंक तथा एमबीसी के लिए 142 अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं दिव्यांग श्रेणी में PwBD (LD) के लिए 135 अंक और PwBD (B&LV) के लिए 141.5 अंक कट-ऑफ रहा।