जोधपुर। प्रदेश में अधिवक्ताओं की सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेट प्रतियोगिताओं में शामिल अधिवक्ता टी-20 चैलेंज कप 2026 का आगाज हो गया है।
राजस्थान हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा और सीनियर मोस्ट जज जस्टिस पुष्पेन्द्र सिंह भाटी ने मंगलवार की शाम एक भव्य समारोह में चैलेंज कप की आकर्षक ट्रॉफी का अनावरण कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
जोधपुर के माहेश्वरी भवन हॉल में आयोजित भव्य समारोह के साथ ही प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत हो गई है।
राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन जोधपुर की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता 24 फरवरी से 01 मार्च तक विभिन्न चरणों में खेली जाएगी।
न्याय और खेल-दोनों में अनुशासन जरूरी
समारोह को संबोधित करते हुए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा ने अधिवक्ताओं की व्यस्त दिनचर्या का उल्लेख करते हुए कहा कि अधिवक्ता अपने पेशे में अत्यंत गंभीर और समर्पित होते हैं। ऐसे में समय निकालकर खेल प्रतियोगिता का आयोजन करना बड़ी हिम्मत और संगठन क्षमता का परिचायक है।
उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि “जज तो जज, रिटायर्ड होकर भी जल्द अधिवक्ता बन जाऊं,” जिससे सभागार में हंसी की लहर दौड़ गई।
उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में खेल अक्सर पीछे छूट जाता है, लेकिन इस तरह की प्रतियोगिताएं न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देती हैं, बल्कि आपसी सौहार्द और टीम भावना को भी मजबूत करती हैं।
न्यायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए मानसिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, जिसमें खेल अहम भूमिका निभाता है।

अधिवक्ता-न्याय की मशाल
वरिष्ठ न्यायाधीश डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह भाटी ने अपने उद्बोधन में अधिवक्ताओं की समाज में भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि जब भी आमजन किसी समस्या में होता है, अधिवक्ता न्याय की मशाल लेकर उसके साथ खड़ा रहता है।
ऐसे अधिवक्ताओं में खेल भावना का जीवंत रहना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि प्रदेशभर से 30 जिलों की टीमें इस प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं।
इतनी बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं का एक मंच पर आना आपसी एकता और संगठन शक्ति का प्रतीक है।
उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि आपने अपने व्यस्त समय में से समय निकालकर इस आयोजन को सफल बनाने की जो पहल की है, वह सराहनीय है।
योगदान के लिए सम्मान
समारोह में एक्टिंग चीफ जस्टिस ने उन वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सम्मानित भी किया जो स्पोर्ट्स को लगातार सपोर्ट करते हैं। समारोह में विशेष योगदान के लिए एसोसिएशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी और पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता मनीष व्यास का सम्मान किया गया।

30 जिलों की टीमें लेंगी भाग
इस वर्ष की प्रतियोगिता में जोधपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर और कोटा सहित प्रदेश के 30 जिलों की अधिवक्ता टीमें भाग ले रही हैं।
टी-20 प्रारूप में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में लीग और नॉकआउट चरण होंगे।
आयोजकों के अनुसार मैचों का आयोजन व्यवस्थित ढंग से किया जाएगा और खिलाड़ियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

आयोजन समिति की सक्रिय भूमिका
समारोह में एसोसिएशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी, उपाध्यक्ष बुद्धाराम चौधरी, महासचिव विजय चौधरी, सहसचिव तक्षेन्द्र शर्मा, पुस्तकालय सचिव शिवानी वैष्णव और कोषाध्यक्ष विजय शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए विशेष प्रबंधन टीम गठित की गई है।
कार्यक्रम में अधिवक्ता नीरज गुर्जर, रतनाराम ठोलिया, मनीष व्यास, पीडी दवे, दर्शनराम चौधरी सहित कई वरिष्ठ और युवा अधिवक्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रतियोगिता को अधिवक्ता समुदाय के लिए एक सकारात्मक पहल बताया।
खेल से बढ़ेगा सामंजस्य और स्वास्थ्य
समारोह को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी ने एक्टिंग चीफ जस्टिस सहित जजों और सभी खेल प्रेमियों का आभार जताया।
जोशी ने कहा कि वकालत के पेशे में मानसिक दबाव और कार्यभार अधिक होता है। ऐसे में खेल गतिविधियां तनाव कम करने और ऊर्जा बनाए रखने का प्रभावी माध्यम बन सकती हैं। अधिवक्ता क्रिकेट प्रतियोगिता जैसे आयोजन न केवल प्रतिभा को मंच देते हैं, बल्कि पेशेवर जीवन में संतुलन भी स्थापित करते हैं।
महासचिव विजय चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि छठी राज्य स्तरीय अधिवक्ता टी-20 क्रिकेट चैलेंज कप 2026 का यह आयोजन न्यायिक जगत के लिए एक उत्सव जैसा है, जहां कानून की किताबों के साथ अब बल्ला और गेंद भी अधिवक्ताओं के हाथों में नजर आएंगे। आने वाले दिनों में यह प्रतियोगिता रोमांचक मुकाबलों और खेल भावना के शानदार प्रदर्शन की साक्षी बनेगी।
प्रतियोगिता के माध्यम से अधिवक्ताओं के बीच आपसी परिचय और संवाद का अवसर भी मिलेगा। कई ऐसे अधिवक्ता, जो सामान्यतः न्यायालयों में व्यावसायिक दायरे में ही मिलते हैं, अब मैदान में टीम भावना के साथ खेलते नजर आएंगे। इससे पेशेवर संबंधों में भी सकारात्मकता और मित्रता का विस्तार होगा।