जोधपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर प्रदेशभर में आगामी 19 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा.
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस वर्ष 2025 की अंतिम और चौथी राष्ट्रीय लोक अदालत में राजस्थान हाईकोर्ट में सिटिंग जज भी सुनवाई करेंगे.
पहली बार इस राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दोपहर बाद 3:30 बजे से शाम 7:00 बजे तक किया जाएगा.
3 सिटिंग जज करेंगे सुनवाई
राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर मुख्यपीठ में राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए 3 विशेष बेंचो का गठन किया गया हैं.
राजस्थान हाईकोर्ट विधिक सेवा समिति, जोधपुर के सचिव कमल छंगाणी के अनुसार इस बार राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए कुल तीन बेंचों में विभिन्न प्रकृति के मामलों की सुनवाई की जाएगी, जिससे लंबित मामलों के शीघ्र समाधान में मदद मिलेगी और आमजन को सुलभ व त्वरित न्याय मिल सकेगा.
राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए प्रथम बेंच में जस्टिस मुकेश राजपुरोहित को अध्यक्ष तथा वरिष्ठ अधिवक्ता संजय राज पालीवाल को मनोनीत सदस्य नियुक्त किया गया है.
द्वितीय बेंच में जस्टिस संदीप शाह अध्यक्ष और अधिवक्ता ऋतुराज सिंह भाटी मनोनीत सदस्य के रूप में कार्य करेंगे.
तृतीय बेंच में जस्टिस संजीत पुरोहित अध्यक्ष तथा अधिवक्ता मुकेश दवे मनोनीत सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे.
लोक अदालत में प्रकरणों का निस्तारण आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर किया जाएगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी.
विधिक सेवा समिति ने संबंधित पक्षकारों से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों को लोक अदालत में रखने के लिए समय पर आवेदन करें, ताकि इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाया जा सके.