जयपुर/जोधपुर। देशभर में ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर चल रहे आह्वान का असर अब न्यायपालिका में भी देखने को मिल रहा है। राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश भी अब अपने स्तर पर बदलाव अपनाते नजर आ रहे हैं।
इसी कड़ी में राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश Justice Ashok Kumar Jain रविवार देर सायं वंदे भारत ट्रेन में आम यात्रियों के साथ सफर करते दिखाई दिए।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश Justice Sanjeev Prakash Sharma के आदेश के बाद जयपुर पीठ के कई न्यायाधीश इन दिनों जोधपुर मुख्यपीठ में सुनवाई कर रहे हैं।
सप्ताहांत में न्यायाधीश जयपुर आते हैं और पुनः जोधपुर लौटते हैं। पहले अधिकांश न्यायाधीश सरकारी सुरक्षा वाहनों और एस्कॉर्ट के साथ सड़क मार्ग से यात्रा करते थे, लेकिन अब ईंधन बचत को बढ़ावा देने के लिए कई जज सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर रहे हैं।
इसी क्रम में जस्टिस अशोक कुमार जैन जयपुर से जोधपुर के लिए वंदे भारत ट्रेन से यात्रा करते नजर आए।
वे सोमवार से राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्यपीठ में मामलों की सुनवाई कर रहे हैं और इसी सिलसिले में रविवार शाम जयपुर से रवाना हुए।
गौरतलब है कि इससे पहले कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा भी अपना एस्कॉर्ट वाहन छोड़ चुके हैं।
वहीं राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश Justice Sameer Jain लगातार साइकिल से हाईकोर्ट पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दे रहे हैं। वे गांधीनगर स्थित अपने आवास से राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर पीठ तक प्रतिदिन साइकिल से पहुंचते हैं, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
न्यायपालिका के इन प्रयासों को आमजन के बीच सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। सार्वजनिक परिवहन और साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देकर न्यायाधीश समाज को पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग की प्रेरणा दे रहे हैं।
यह भी पढ़िए…