टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

NEET पेपर लीक-2026: NTA के 3 एक्सपर्ट समेत 14 पर चलेगा मुकदमा, दिल्ली कोर्ट में आरोप तय; 25 नवंबर से रोज सुनवाई

NEET Paper Leak Case: Charges Framed Against 14 Accused, Including 3 NTA Experts; Daily Trial From November 25

नई दिल्ली: लाखों छात्रों से जुड़े NEET पेपर लीक-2026 मामले में CBI की चार्जशीट के बाद अब आरोपियों के खिलाफ मुकदमे की शुरुआत होने जा रही है।

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने गोपनीय सवाल बाहर पहुंचाने के आरोप में 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। जिसके अब 25 नवंबर से मामले की रोज सुनवाई होगी।

इन सभी 14 आरोपियों में NTA के 3 विषय विशेषज्ञ भी शामिल हैं। इन पर परीक्षा के गोपनीय सवाल बाहर निकालने और पैसे लेकर पेपर लीक करने की साजिश में शामिल होने का आरोप है।

आरोप है कि विशेषज्ञों के जरिए गोपनीय प्रश्नपत्र बाहर पहुंचा गया। फिर दलालों और दूसरे लोगों के नेटवर्क के जरिए छात्रों तक लीक सवाल और उनके जवाब पहुंचाए गए।

कोर्ट ने इसे एक संगठित साजिश का हिस्सा माना है। हालांकि, आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं। सभी 14 आरोपियों ने कोर्ट में खुद को निर्दोष बताते हुए इन आरोपों से इनकार किया है।

25 नवंबर से अब मामले की रोजाना सुनवाई होगी जहां आरोपों से जुड़े सबूतों की जांच की जाएगी और मुकदमा आगे बढ़ेगा।

यह भी पढ़ें: 24 नवंबर को मदुरै की थिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर जलेगा कार्तिगई दीपम, सुप्रीम कोर्ट ने 7 शर्तों के साथ दी मंजूरी, आम लोगों की एंट्री बैन

CBI ने सभी 14 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट

CBI ने शुरुआत में 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इसके बाद जांच के दौरान बाद में 14वां आरोपी भी जुड़ा और शेषराव बजरंग सूर्यवंशी उर्फ राज सूर्यवंशी का नाम सामने आया।

नांदेड़, महाराष्ट्र के रहने वाले शेषराव को 2 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसके खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की गई।

अब कोर्ट ने कुल 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। इनमें NTA के तीन विशेषज्ञों के अलावा कथित बिचौलिए और अन्य लोग शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: महिला वकीलों को सरकारी पैनल में मिले एक तिहाई आरक्षण, जस्टिस नागरत्ना का बड़ा सुझाव; बोलीं- पेशे में प्रवेश ही नहीं, नेतृत्व और आगे बढ़ने के अवसर भी जरूरी

NTA के 3 एक्सपर्ट पर पेपर लीक का आरोप

मामले में NTA से जुड़े जिन 3 विशेषज्ञों को आरोपी बनाया गया है, उनमें मनीषा गुरुनाथ मंधारे, पीवी कुलकर्णी और मनीषा संजय हलवदार शामिल हैं।

  • मनीषा गुरुनाथ मंधारे: महाराष्ट्र में बायोलॉजी की लेक्चरर हैं। आरोप है कि उन्होंने कोचिंग क्लास में छात्रों को लीक सवाल और उनके जवाब लिखवाए।
  • पीवी कुलकर्णी: ये केमिस्ट्री के प्रोफेसर है। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले छात्रों को सवाल और उनके जवाब बताए।
  • मनीषा संजय हलवदार: फिजिक्स की विशेषज्ञ। आरोप है कि उन्होंने NTA के गोपनीय प्रश्नपत्र बाहर निकाले और लीक फिजिक्स के सवालों से जुड़ी भूमिका निभाई।

CBI की जांच में इन विशेषज्ञों पर परीक्षा से जुड़ी गोपनीय सामग्री के गलत इस्तेमाल और उसे दूसरे लोगों तक पहुंचाने का आरोप है।

पेपर लीक नेटवर्क में कौन-कौन शामिल?

CBI की ओर से सामने आई आरोपी सूची में NTA के 3 विशेषज्ञों के अलावा महाराष्ट्र, राजस्थान और हरियाणा से जुड़े लोग भी शामिल हैं। आरोपियों की भूमिका को लेकर उपलब्ध जानकारी इस तरह है:

आरोपीपेशा और आरोप
मनीषा हलवदारफिजिक्स टीचर, पुणे। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले फिजिक्स का पेपर लीक किया।
शिवराज रघुनाथ मोटंगवकररेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेस के संचालक। आरोप है कि उन्होंने गैंग के साथ मिलकर पेपर कैंडिडेट्स और अन्य लोगों को उपलब्ध कराया।
मनीषा गुरुनाथ मंधारेबायोलॉजी लेक्चरर, महाराष्ट्र। आरोप है कि कोचिंग क्लास में छात्रों को लीक सवाल और उनके जवाब लिखवाए।
पीवी कुलकर्णीकेमिस्ट्री प्रोफेसर, महाराष्ट्र। आरोप है कि परीक्षा से पहले छात्रों को सवाल और उनके जवाब बताए।
मनीषा वाघमारेमहाराष्ट्र की डेंटिस्ट। आरोप है कि छात्रों को कोचिंग तक पहुंचाने में मदद की।
धनंजय लोखंडेमहाराष्ट्र में दलाल। आरोप है कि मनीषा वाघमारे के जरिए पेपर लेकर कई लोगों से सौदा किया।
शुभम खैरनारमहाराष्ट्र में दलाल। आरोप है कि लीक सवालों की PDF तैयार कर टेलीग्राम पर साझा की।
यश यादवहरियाणा में दलाल। आरोप है कि उसने NEET पेपर के लिए 15 लाख रुपये दिए और PDF हासिल की।
मंगीलाल बिवालराजस्थान में दलाल। आरोप है कि उसने शुभम से NEET पेपर के लिए 45 लाख रुपये में डील की।
दिनेश बिवालराजस्थान में राजनीति से जुड़ा व्यक्ति। आरोप है कि वह मंगीलाल का भाई है और पेपर लीक नेटवर्क का हिस्सा था।
विकास बिवालराजस्थान में MBBS छात्र। आरोप है कि वह मंगीलाल और अपने पिता के साथ नेटवर्क का हिस्सा था।
डॉ. मनोज शिरकेडॉक्टर। आरोप है कि उन्होंने छात्रों को केमिस्ट्री के प्रश्नपत्र दिए।
हर्षवर्धन कुमार शाहपुणे में कोचिंग फैकल्टी। आरोप है कि उन्होंने मनीषा हलवदार से फिजिक्स के पेपर लिए।
शेषराव बजरंग सूर्यवंशीपुणे में चाय की दुकान चलाते हैं। आरोप है कि उन्होंने करीब 10 छात्रों को NEET पेपर दिया।

दलालों से छात्रों तक कैसे पहुंचा पेपर?

जांच में सामने आई कथित कड़ी में कई लोगों के नाम शामिल हैं। आरोप है कि प्रश्नपत्र विशेषज्ञों से निकलकर बिचौलियों तक पहुंचा और फिर छात्रों को उपलब्ध कराया गया।

आरोपियों की सूची में धनंजय लोखंडे, शुभम खैरनार, यश यादव, मंगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल और शेषराव बजरंग सूर्यवंशी के नाम भी शामिल हैं।

इनमें कुछ पर छात्रों से पैसे लेकर लीक सवाल उपलब्ध कराने, PDF तैयार करने या दूसरे लोगों तक पेपर पहुंचाने में भूमिका निभाने का आरोप है। जांच एजेंसी के मुताबिक, यह पूरा नेटवर्क अलग-अलग कड़ियों के जरिए काम कर रहा था।

कोर्ट ने इसे एक संगठित साजिश का हिस्सा माना

दिल्ली की कोर्ट ने 18 नवंबर को 206 पन्नों के आदेश में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया था।

आदेश में कोर्ट ने कहा कि शुरुआती जांच में आरोपियों के बीच साजिश के संकेत मिले हैं। आरोप है कि उन्होंने NTA के गोपनीय परीक्षा के सवाल हासिल कर दूसरे लोगों के साथ साझा किए।

‘पेपर लीक से ईमानदारी से तैयारी करने वाले छात्रों को नुकसान‘

कोर्ट ने यह भी कहा कि परीक्षा के सवाल लीक होने से उन छात्रों को नुकसान हो सकता है, जिन्होंने मेहनत और तैयारी के दम पर परीक्षा दी। ऐसे में अयोग्य उम्मीदवारों को चयन का मौका मिल सकता है, जबकि योग्य उम्मीदवार पीछे छूट सकते हैं।

परीक्षा देने वाले लाखों छात्रों की कोचिंग, यात्रा और रहने पर हुआ खर्च भी बेकार हो सकता था। कोर्ट ने यह भी कहा कि एक ही काम के लिए अलग-अलग कानूनों के तहत कई अपराध बन सकते हैं।

आरोपों में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, विश्वासघात, भ्रष्टाचार और कॉपीराइट कानून के प्रावधान शामिल हैं। कोर्ट ने माना कि परीक्षा के प्रश्न NTA की कॉपीराइट वाली सामग्री थे।

पेपर लीक से री-एग्जाम तक, कब क्या हुआ?

  • 3 मई: NEET-UG 2026 की परीक्षा हुई। करीब 22 लाख छात्र शामिल हुए।
  • 7 मई: राजस्थान में पेपर लीक की शिकायत NTA तक पहुंची।
  • 12 मई: CBI जांच के आदेश के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई।
  • 15 मई: NTA ने री-एग्जाम की तारीख का ऐलान किया।
  • 24 मई: सुप्रीम कोर्ट ने NTA से परीक्षा में सुधार के उपायों पर जानकारी मांगी।
  • 14 जून: री-एग्जाम के एडमिट कार्ड जारी हुए।
  • 16 जून: NTA की ओर से टेलीग्राम चैनल पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया।
  • 17 जून: टेलीग्राम चैनल के खिलाफ शिकायत लेकर सरकार हाईकोर्ट पहुंची।
  • 19 जून: हाईकोर्ट ने टेलीग्राम की याचिका खारिज की।
  • 21 जून: NEET-UG की दोबारा परीक्षा हुई।

अब 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई शुरू होने के साथ इस मामले में ट्रायल आगे बढ़ेगा।

सभी 14 आरोपियों ने खुद पर लगे आरोपों से इनकार किया है। ऐसे में कोर्ट में अब यह तय होगा कि CBI की ओर से लगाए गए आरोप और पेश किए गए सबूत मुकदमे में कितने मजबूत साबित होते हैं।

फिलहाल आरोप तय हुए हैं, दोष साबित नहीं हुआ है। इन आरोपों पर अंतिम फैसला मुकदमे की सुनवाई पूरी होने के बाद ही होगा।

सबसे अधिक लोकप्रिय