टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

चैंबर अलॉटमेंट में असमानता पर उठे सवाल: महिला वकीलों ने उठाई बराबरी की मांग, क्या ‘न्यूट्रल’ नीति से मिलेगा हक?

Allahabad High Court PIL Challenges Chamber Allotment Policy Over Lack of Women Reservation
इलाहाबाद हाईकोर्ट में दायर PIL में चैंबर अलॉटमेंट में महिलाओं के लिए विशेष प्रावधान न होने और अलॉटमेंट स्कीम में महिलाओं के लिए आरक्षण या विशेष व्यवस्था न होने को चुनौती दी गई है।

नई दिल्ली: देश की न्याय व्यवस्था के भीतर समानता को लेकर एक अहम बहस फिर तेज हो गई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट में दायर एक जनहित याचिका (PIL) ने चैंबर अलॉटमेंट की प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

दायर PIL में चैंबर अलॉटमेंट में महिलाओं के लिए विशेष प्रावधान न होने को चुनौती दी गई है। याचिका में सवाल उठाया गया है कि क्या ‘न्यूट्रल’ नीति संरचनात्मक असमानता को खत्म कर सकती है।

याचिका में कहा गया है कि महिलाओं के लिए किसी विशेष प्रावधान के बिना बनाई जा रही “न्यूट्रल” नीति, दरअसल समान अवसर देने में नाकाम हो सकती है।

मामला सिर्फ एक प्रशासनिक प्रक्रिया तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देशभर की अदालतों में मौजूद संरचनात्मक असमानताओं को उजागर करता है।

महिला वकीलों ने दायर की याचिका

यह याचिका अधिवक्ता जाह्नवी सिंह समेत कई महिला वकीलों ने दायर की है। इसमें प्रस्तावित चैंबर अलॉटमेंट स्कीम में महिलाओं के लिए आरक्षण या विशेष व्यवस्था न होने को चुनौती दी गई है।

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने माना कि नियम अभी अंतिम रूप में नहीं हैं और प्रक्रिया जारी है। मामले को अब आगे सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है।

इस बीच, यह मुद्दा सिर्फ इलाहाबाद हाईकोर्ट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि देशभर की न्यायिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी और सुविधाओं को लेकर नई बहस छेड़ चुका है।

चैंबर सिर्फ जगह नहीं, पेशे की पहचान

कानूनी पेशे में चैंबर केवल एक कमरे तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह वकील के कामकाज का आधार होता है।

बिना चैंबर के वकीलों को अक्सर कोर्ट परिसर के गलियारों में ही क्लाइंट से मिलना पड़ता है, साझा जगहों पर काम करना पड़ता है और जरूरी गोपनीयता भी नहीं मिल पाती।

महिला वकीलों के लिए यह स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है, जहां उन्हें सुरक्षा, सुविधा और कार्यस्थल की गरिमा जैसे मुद्दों का सामना करना पड़ता है।

‘न्यूट्रल’ पॉलिसी या छिपी असमानता?

याचिका में यह महत्वपूर्ण तर्क दिया गया है कि तटस्थ दिखने वाली नीतियां हमेशा निष्पक्ष परिणाम नहीं देतीं।

सीनियरिटी, लॉटरी या “पहले आओ, पहले पाओ” जैसे सिस्टम कागज पर भले ही समान दिखें, लेकिन व्यवहार में इनका फायदा उन्हीं को मिलता है जिनके पास पहले से संसाधन, नेटवर्क और मजबूत स्थिति होती है।

ऐसे में, महिलाओं के लिए किसी विशेष व्यवस्था का अभाव, बराबरी के बजाय मौजूदा असमानताओं को और मजबूत कर सकता है।

संविधान के दायरे में समानता का मतलब

यह पूरा मामला संवैधानिक अधिकारों से भी जुड़ता है।

समानता का अधिकार सिर्फ एक जैसा व्यवहार नहीं, बल्कि वास्तविक और प्रभावी बराबरी सुनिश्चित करने की बात करता है। महिलाओं के लिए विशेष प्रावधान की अनुमति भी इसी उद्देश्य से दी गई है, ताकि वे पेशे में समान रूप से भाग ले सकें।

सुप्रीम कोर्ट के हालिया रुख से जुड़ा मामला

यह मुद्दा ऐसे समय सामने आया है जब प्र भी कानूनी पेशे में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर सक्रिय रहा है।

हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने बार काउंसिल्स में महिलाओं के लिए 30% आरक्षण का रास्ता साफ किया था। इसके अलावा, देशभर में चैंबर अलॉटमेंट को लेकर एक समान और जेंडर-सेंसिटिव नीति बनाने की मांग भी अदालत में लंबित है।

न्याय व्यवस्था में अंदरूनी बराबरी पर बहस तेज

इलाहाबाद हाई कोर्ट में लंबित यह PIL केवल चैंबर अलॉटमेंट का विवाद नहीं है, बल्कि यह कानूनी पेशे में समानता की परिभाषा पर सवाल उठाता है। क्या समान नियम ही पर्याप्त हैं, या फिर वास्तविक बराबरी के लिए विशेष उपाय जरूरी हैं?

यह याचिका अब एक बड़े सवाल का रूप ले चुकी है-क्या न्याय व्यवस्था के भीतर ही समानता सुनिश्चित हो पा रही है?

भले ही कोर्ट का अंतिम फैसला कुछ भी हो, लेकिन इस याचिका ने एक अहम बहस को जन्म दे दिया है और यही किसी भी बड़े बदलाव की पहली शर्त होती है।

सबसे अधिक लोकप्रिय