टॉप स्टोरी

चर्चित खबरें

केस वापस ले लो, नहीं तो जान से जाओगे…! राजस्थान पूर्व ASG आर डी रस्तोगी को जान से मारने की धमकी

Former Rajasthan ASG Receives Death Threat Over Supreme Court Coaching Centre Case
सुप्रीम कोर्ट में कोचिंग सेंटर हटाने की कानूनी लड़ाई के बीच सनसनी; पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल समेत तीन लोगों को धमकी, पुलिस ने दर्ज किया केस

जयपुर। सुप्रीम कोर्ट में चल रही कोचिंग सेंटर हटाने की कानूनी लड़ाई के बीच राजधानी जयपुर में सनसनीखेज मामला सामने आया है।

राजस्थान के पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) एवं सीनियर एडवोकेट राजदीपक रस्तोगी समेत तीन लोगों को कथित रूप से जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है।

मामले में सीनियर एडवोकेट राजदीपक रस्तोगी, एडवोकेट वीरेंद्र अग्रवाल और 10 बी स्कीम विकास समिति के महासचिव गोपाल अग्रवाल को कथित तौर पर धमकाया गया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह मामला गोपालपुरा बाईपास क्षेत्र से कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित कोचिंग इंस्टिट्यूट हटाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में पेडिंग मुकदमें से जुड़ा हैं.

“केस वापस ले लो, नहीं तो जान से मरवा देंगे…”

शिकायत में लगाए गए आरोपों के अनुसार, 10 बी स्कीम विकास समिति के महासचिव गोपाल अग्रवाल को फोन पर गंभीर धमकी दी गई।

आरोप है कि उनसे कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामले को अगली तारीख पर वापस ले लिया जाए, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

शिकायत के अनुसार, धमकी में कहा गया कि यदि मामला वापस नहीं लिया गया तो गोपाल अग्रवाल, एडवोकेट वीरेंद्र अग्रवाल और सुप्रीम कोर्ट में मामले की पैरवी कर रहे सीनियर एडवोकेट एवं पूर्व एएसजी राजदीपक रस्तोगी को जान से मरवा दिया जाएगा।

एलेन कोचिंग संचालित भवन के मालिक पर धमकी देने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, जिस भवन में एलेन कोचिंग संचालित हो रही है, उसके भवन स्वामी रघुवीर सिंह डागुर पर फोन पर धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

गोपाल अग्रवाल की ओर से पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने रघुवीर सिंह डागुर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

‘ऊंची राजनीतिक पहुंच और बदमाशों से संपर्क’ का दावा करने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि धमकी देने वाले व्यक्ति ने अपनी ऊंची राजनीतिक पहुंच होने का दावा किया।

शिकायत के अनुसार, उसने स्वयं को पूर्व अतिरिक्त आयकर आयुक्त बताते हुए बड़े बदमाशों से संपर्क होने की बात भी कही।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्हें और मामले से जुड़े अन्य लोगों को बेहद गंभीर और भयावह तरीके से धमकाया गया।

धमकी मिलने के बाद 10 बी स्कीम विकास समिति के महासचिव गोपाल अग्रवाल ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस के उच्च अधिकारियों को दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हरकत में आया था जेडीए

मामला 10 बी स्कीम विकास समिति, जयपुर की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दायर उस प्रकरण से जुड़ा है, जिसमें गोपालपुरा रोड क्षेत्र से कोचिंग इंस्टिट्यूट हटाने की मांग को लेकर कानूनी लड़ाई चल रही है।

सुप्रीम कोर्ट की ओर से 4 अगस्त के आदेश के बाद जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) सक्रिय हुआ और संबंधित भवनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। कुछ भवनों को सील करने की कार्रवाई भी की गई।

जेडीए ने सुप्रीम कोर्ट में पेश किया था शपथ पत्र

हाल ही में जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की ओर से सुप्रीम कोर्ट में शपथ पत्र पेश किया गया था, जिसमें संबंधित कोचिंग इंस्टिट्यूटों के कथित रूप से अवैध संचालन का उल्लेख किया गया।

शपथ पत्र में कुछ परिसरों को सील किए जाने तथा अन्य कोचिंग सेंटर्स के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई।

पूर्व एएसजी तक पहुंची धमकी, मामला हुआ बेहद गंभीर

सुप्रीम कोर्ट में लंबित महत्वपूर्ण कानूनी लड़ाई से जुड़े पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल और सीनियर एडवोकेट राजदीपक रस्तोगी समेत तीन लोगों को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद मामला गंभीर हो गया है।

सुप्रीम कोर्ट की कानूनी लड़ाई, कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई और अब जान से मारने की कथित धमकी—इस पूरे मामले ने जयपुर के गोपालपुरा क्षेत्र में चल रहे विवाद को एक नया और गंभीर मोड़ दे दिया है।

सबसे अधिक लोकप्रिय