जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर 20 से 22 फरवरी 2026 तक देश के बड़े न्यायिक और प्रशासनिक जमावड़े का केंद्र बनने जा रहा है।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (RSLSA) की ओर से झालाना स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में “Cyber Safety: Awareness, Protection and Inclusive Access to Justice” विषय पर तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
इस सम्मेलन में देश की न्यायपालिका, पुलिस, प्रशासन और साइबर कानून विशेषज्ञों की बड़ी भागीदारी रहने वाली है।
सम्मेलन का उद्घाटन 20 फरवरी को भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत करेंगे।
इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट के लगभग सात अन्य न्यायाधीशों के भी शामिल होने की संभावना है।
राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा सहित सभी हाईकोर्ट न्यायाधीश, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी, साइबर कानून विशेषज्ञ, शिक्षाविद और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
राजस्थान विश्वविद्यालय के कुलपति तथा नेशनल फोरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. जे. एम. व्यास भी इस सम्मेलन में भाग लेंगे।
पहले दिन कई महत्वपूर्ण पहल
सम्मेलन के पहले दिन “उड़ान 2.0” पहल के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले दिव्यांग बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।
उद्घाटन सत्र में मुख्य न्यायाधीश का विशेष संबोधन भी होगा। इस अवसर पर मेडिएशन हैंडबुक, एलएसआरआर, बाल पुस्तिका तथा RSLSA और जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के अप्रैल–मार्च कार्ययोजना से संबंधित एक्शन प्लान का भी विमोचन किया जाएगा।
साथ ही ई-संवाद (e-SAMVAD) एप्लीकेशन का शुभारंभ किया जाएगा, जो मीडिएशन और लोक अदालत सेवाओं के लिए ऑनलाइन पोर्टल के रूप में कार्य करेगा।
इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक ऑनलाइन जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, मामलों की स्थिति देख सकेंगे और संबंधित सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
पोर्टल का लाइव डेमो और इसकी विशेषताओं पर आधारित जानकारीपूर्ण वीडियो भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
दूसरे दिन साइबर सुरक्षा पर विशेष सत्र
21 फरवरी को साइबर सुरक्षा विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों, हाईकोर्ट के जजों, न्यायिक अधिकारियों और साइबर विशेषज्ञों की भागीदारी रहेगी।
उच्चस्तरीय सम्मेलन को देखते हुए 21 फरवरी (शनिवार) को राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्यपीठ और जयपुर पीठ में अवकाश घोषित किया गया है।
तीसरे दिन होगा समापन
22 फरवरी को औपचारिक समापन समारोह के साथ सम्मेलन का समापन होगा।
यह सम्मेलन साइबर अपराधों की रोकथाम, डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने और डिजिटल युग में न्याय तक समावेशी पहुंच सुनिश्चित करने पर महत्वपूर्ण चर्चा का मंच बनेगा।