जोधपुर। राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन, जोधपुर के अध्यक्ष पद के उपचुनाव में मुकाबला दिलचस्प होने जा रहा है।
20 नवंबर को नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख तक किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया है। ऐसे में अध्यक्ष पद के लिए कुल 8 उम्मीदवार चुनाव मैदान में बने हुए हैं।
अब 27 नवंबर को मतदान होगा और इसी दिन मतगणना के बाद चुनाव परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।
चुनाव अधिकारियों की ओर से इस संबंध में एक प्रेस नोट जारी किया गया है, जिसमें बताया कि नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख तक किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया।
यानी अध्यक्ष पद के उपचुनाव में 8 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा।
साथ ही लेटर में चुनाव की तारीख के साथ चुनाव प्रचार के लिए नियमों की जानकारी दी गई है। एसोसिएशन के खाली हुए अध्यक्ष पद के लिए वर्ष 2026-27 का उपचुनाव कराया जा रहा है।

अध्यक्ष पद के लिए ये 8 प्रत्याशी मैदान में
चुनाव अधिकारियों की ओर से जारी सूची के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के नाम इस प्रकार हैं-
- अनिल गौड़
- गोकुलेश बोहरा
- कुलदीप सिंह राठौड़
- एम.आर. डेलू (मगाराम डेलू)
- महेंद्र पुरी गोस्वामी
- मनीष पुरोहित
- पुष्पेंद्र सिंह चौहान
- सुरेंद्र सिंह राठौड़ (गागुड़ा)
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में 3 साल तक अटकी रही ED की याचिका, CJI ने दिए जांच के आदेश, जमानत के खिलाफ अपील भी खारिज
27 नवंबर को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मतदान
मुख्य चुनाव अधिकारी अर्जुनराम चौधरी और चुनाव अधिकारी दिनेश कुमार शर्मा व मालमसिंह जैतावत ने मतदान कार्यक्रम की जानकारी दी है।
अध्यक्ष पद के लिए 27 नवंबर 2026 को मतदान होगा। वोटिंग सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। मतदान पूरा होने के बाद इसी दिन मतगणना की जाएगी और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इस चुनाव के जरिए एसोसिएशन के रिक्त अध्यक्ष पद को भरा जाएगा। सभी 8 उम्मीदवारों के मैदान में बने रहने से अब मुकाबला सीधे मतदान के जरिए तय होगा।
चुनाव प्रचार के लिए तय किए गए ये नियम
चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए हाईकोर्ट परिसर और हेरिटेज हाईकोर्ट परिसर में प्रचार को लेकर कुछ नियम तय किए गए हैं। प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को इनका पालन करना होगा।
- हाईकोर्ट परिसर और हेरिटेज हाईकोर्ट परिसर में किसी भी प्रत्याशी के पक्ष या विरोध में पोस्टर, होर्डिंग या बैनर नहीं लगाए जा सकेंगे।
- चुनाव प्रचार पूरी तरह पेपरलेस रहेगा।
- मतदान के दिन हाईकोर्ट परिसर, हेरिटेज हाईकोर्ट परिसर या बूथ परिसर में किसी भी तरह की चुनाव प्रचार सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
- मतदान के दिन किसी भी प्रत्याशी के पक्ष या विरोध में नारेबाजी नहीं की जाएगी।
- मतदान के लिए बार काउंसिल ऑफ राजस्थान या राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन की ओर से जारी परिचय पत्र अनिवार्य होगा।
- मतदान के दिन अधिवक्ताओं के अलावा किसी बाहरी व्यक्ति को पूरे न्यायालय परिसर में किसी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने की अनुमति नहीं होगी।
- मतदान केंद्र से 100 मीटर की परिधि में प्रत्याशी और उनके समर्थक किसी भी तरह का चुनाव प्रचार नहीं कर सकेंगे।
अधिवक्ताओं से सहयोग की अपील
चुनाव अधिकारियों ने सभी अधिवक्ताओं से चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है।
उन्हों ने स्पष्ट किया है कि मतदान और मतगणना निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जाएगी। अब सभी उम्मीदवारों की नजर 27 नवंबर को होने वाले मतदान और उसके बाद घोषित होने वाले नतीजों पर रहेगी।
