राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव में नया घटनाक्रम, जस्टिस आनंद शर्मा की अदालत में सुबह 10:30 बजे हुई सुनवाई
जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर के चुनाव में दो वकालतनामों की अनिवार्यता को लेकर चल रहे विवाद में शुक्रवार को महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है।
वरिष्ठ अधिवक्ता विरेन्द्र अग्रवाल की ओर से दायर याचिका पर राजस्थान हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई है।
हाईकोर्ट ने मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है, जिसे लंच बाद 2 बजे सुनाया जायेगा.
इस घटनाक्रम के बाद राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की चुनाव समिति ने आगामी चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने के संबंध में शपथपत्र स्वीकार करने की प्रक्रिया पर आज दोपहर 2 बजे तक रोक लगा दी है।

सुबह 10:30 बजे हुई मामले की सुनवाई
चुनाव समिति की ओर से 20 नवंबर 2026 को जारी सूचना के अनुसार, विरेन्द्र अग्रवाल बनाम चुनाव समिति, राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर पर शुक्रवार सुबह 10:30 बजे हाईकोर्ट में सुनवाई हुई।
अदालत ने मामले की सुनवाई पूरी करने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है। चुनाव समिति की सूचना में कहा गया है कि फैसला लंच के बाद सुनाए जाने की संभावना है।
दोपहर 2 बजे तक शपथपत्र लेने की प्रक्रिया रोकी
चुनाव समिति ने अपने नोटिस में स्पष्ट किया है कि अदालत में फैसला सुरक्षित रखे जाने की परिस्थितियों को देखते हुए आगामी चुनाव की मतदाता सूची के लिए शपथपत्र स्वीकार करने की जारी प्रक्रिया आज दोपहर 2 बजे तक रोक दी गई है।