हाईकोर्ट ने महाभारत का श्लोक सुनाकर पलटा एयरफोर्स का फैसला:कहा प्रशासनिक निर्णय केवल फाइलों के आधार पर नहीं, इंसानी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लिए जाने चाहिए,
जोधपुर। प्रशासनिक निर्णयों की आड़ में लिए जा रहे मनमाने फैसलों पर राजस्थान हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया है।
राजस्थान हाईकोर्ट ने भारतीय वायुसेना के एक कर्मी के ट्रांसफर आदेश को न केवल निरस्त कर दिया, बल्कि यह भी स्पष्ट कर दिया कि “ट्रांसफर” का अधिकार असीमित नहीं है और इसे नियम, नीति और मानवीय संवेदनाओं के दायरे में रहकर ही लागू किया जा सकता है।
राजस्थान हाईकोर्ट ने अपने फैसले में विवादित ट्रांसफर आदेश को रद्द करते हुए स्पष्ट कहा कि
“न्याय में करुणा और सत्य सर्वोपरि हैं। प्रशासनिक निर्णय केवल फाइलों के आधार पर नहीं, बल्कि इंसानी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लिए जाने चाहिए।”
जस्टिस फरजंद अली की एकलपीठ ने यह रिपोर्टेबल जजमेंट याचिकाकर्ता वायुसेनाकर्मी Sqn. Ldr. Deepak Sindhu की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया है.
कोर्ट की कड़ी टिप्पणी: “सिर्फ आदेश नहीं, सोच भी गलत”
हाईकोर्ट ने अपने विस्तृत फैसले में साफ कहा कि यह मामला केवल एक ट्रांसफर आदेश का नहीं, बल्कि प्रशासनिक प्रक्रिया में न्यायसंगतता और संवेदनशीलता की अनदेखी का उदाहरण है।
हाईकोर्ट ने कहा कि—
ट्रांसफर आदेश जारी करते समय संबंधित प्राधिकरण ने पहले से लागू पोस्टिंग पॉलिसी का पालन नहीं किया।
कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता के न्यूनतम कार्यकाल को नजरअंदाज किया गया और गंभीर चिकित्सीय परिस्थितियों और पारिवारिक स्थिति को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया।
कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता द्वारा दिए गए प्रतिवेदन (representation) पर बिना उचित विचार किए औपचारिक तरीके से निर्णय लिया गया।
कोर्ट ने इसे “lack of application of mind” करार देते हुए कहा कि ऐसा आदेश कानून की नजर में टिक नहीं सकता।
मानवीय पहलू बना फैसला पलटने की सबसे बड़ी वजह
इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण पहलू याचिकाकर्ता की चिकित्सा स्थिति थी जिसे हाईकोर्ट ने सबसे गंभीर कारण माना.
कोर्ट के सामने पेश किए गए दस्तावेजों से यह स्पष्ट हुआ कि याचिकाकर्ता के पिता गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं और उनका इलाज जारी था।
इसके बावजूद, संबंधित अधिकारियों ने न तो उसकी स्थिति को गंभीरता से लिया और न ही मानवीय आधार पर कोई राहत देने की कोशिश की।
हाईकोर्ट ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा—
“प्रशासनिक निर्णय केवल फाइलों के आधार पर नहीं, बल्कि इंसानी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लिए जाने चाहिए।”
महाभारत के श्लोक से न्याय का संदेश
जस्टिस फरजंद अली की एकलपीठ ने अपने फैसले में महाभारत के श्लोक
‘आनृशंस्यं परो धर्मः क्षमा च परमं बलम्।
आत्मज्ञानं परं ज्ञानं न सत्याद् विद्यते परम्॥’
को उद्धृत करते हुए कहा कि दया ही सर्वोच्च धर्म है, क्षमा ही सबसे बड़ा बल है, आत्मज्ञान ही सर्वोत्तम ज्ञान है और सत्य से बढ़कर कुछ भी नहीं।”
कोर्ट ने यह स्पष्ट किया कि भारतीय न्याय प्रणाली केवल कानून की व्याख्या तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें करुणा, क्षमा, आत्मबोध और सत्य जैसे मूल्यों का भी महत्वपूर्ण स्थान है।
हाईकोर्ट ने कहा कि न्याय केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, निष्पक्षता और सत्य के आधार पर लिया गया संतुलित निर्णय होना चाहिए।
याचिकाकर्ता का पक्ष
याचिकाकर्ता, स्क्वाड्रन लीडर दीपक सिंधु, जो वर्तमान में भारतीय वायुसेना में कार्यरत हैं, ने अपने तबादले को न्यायालय में चुनौती देते हुए इसे मनमाना, अन्यायपूर्ण और नीति के विरुद्ध बताया।
उनका मुख्य तर्क यह था कि उन्हें जोधपुर से तेजपुर (असम) स्थानांतरित किया गया, जबकि उनका वर्तमान कार्यकाल अभी पूरा भी नहीं हुआ था।
याचिका में कहा गया कि वे मार्च 2025 में जोधपुर में पदस्थ हुए थे और सामान्य ट्रांसफर नीति के अनुसार न्यूनतम 2 से 4 वर्ष का कार्यकाल अपेक्षित होता है, जिसमें कम से कम 3 वर्ष की स्थिरता देने का प्रयास किया जाता है।
इसके बावजूद मात्र लगभग एक वर्ष के भीतर ही उनका तबादला कर दिया गया, जो स्पष्ट रूप से नीति के विपरीत है।
याचिकाकर्ता ने यह भी बताया कि वे पहले भी असम (जोरहाट) में सेवा दे चुके हैं
उन्होंने एयरफोर्स जज एडवोकेट कोर्स पूरा किया है, वर्तमान में वे जोधपुर में लीगल ऑफिसर के रूप में कार्यरत हैं
इस आधार पर उन्होंने कहा कि उन्हें बार-बार पूर्वोत्तर क्षेत्र में भेजना अनुचित है।
मानवीय और पारिवारिक परिस्थितियां
याचिकाकर्ता का सबसे महत्वपूर्ण तर्क उनके पारिवारिक हालात को लेकर था। उन्होंने कोर्ट को बताया कि उनके पिता गंभीर बीमारी (किडनी ट्यूमर) से ग्रसित हैं और एक किडनी हटाई जा चुकी है उनकी माता 50% बर्न सर्वाइवर हैं और निरंतर चिकित्सा देखभाल की जरूरत है
ऐसी परिस्थितियों में उनका दूरस्थ क्षेत्र में स्थानांतरण उनके लिए अत्यंत कठिन और असंवेदनशील निर्णय है।
कोर्ट से क्या मांग की गई?
याचिकाकर्ता ने यह स्पष्ट किया कि वे किसी विशेष स्थान पर पोस्टिंग का दावा नहीं कर रहे बल्कि केवल यह चाहते हैं कि उन्हें ऐसा स्थान दिया जाए जहां से वे अपने माता-पिता की देखभाल कर सकें (जैसे अंबाला या आसपास).
उन्होंने यह भी कहा कि उनका सेवा काल भी सीमित (2028 तक) बचा है, इसलिए मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए।
प्रतिवादी का पक्ष (Respondent’s Side)
केंद्र सरकार और भारतीय वायुसेना की ओर से इस याचिका का कड़ा विरोध किया गया और ट्रांसफर को पूरी तरह वैध और आवश्यक प्रशासनिक निर्णय बताया गया।
वायुसेना ने कहा कि ट्रांसफर सरकारी सेवा का सामान्य और अनिवार्य हिस्सा है
विशेष रूप से सशस्त्र बलों में, अधिकारी को कहीं भी सेवा देने के लिए तैयार रहना होता है.
वायुसेना ने दलील दी कि किसी भी अधिकारी को किसी विशेष स्थान पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है.
वायुसेना ने कहा कि याचिकाकर्ता का तेजपुर में स्थानांतरण संगठनात्मक आवश्यकता के तहत किया गया यह निर्णय ऑपरेशनल दक्षता बनाए रखने के लिए आवश्यक था व्यक्तिगत सुविधा से ऊपर संगठन की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाती है.
सरकार ने कहा कि ट्रांसफर पॉलिसी केवल एक मार्गदर्शक (guideline) है
यह कोई कानूनी अधिकार प्रदान नहीं करती, इसलिए इसका उल्लंघन होने पर भी ट्रांसफर स्वतः अवैध नहीं हो जाता
पारिवारिक तर्कों का खंडन
सरकार ने पिता की बीमारी को लेकर कहा कि उनके पिता पूर्व सैनिक हैं और ECHS (Ex-Servicemen Contributory Health Scheme) के तहत पूरे देश में इलाज की सुविधा उपलब्ध है, इसलिए चिकित्सा सुविधा का अभाव नहीं है
माता-पिता आर्थिक रूप से उन पर निर्भर नहीं हैं
क्या है पूरा मामला?
मामला एयरफोर्स अधिकारी Sqn. Ldr. Deepak Sindhu के ट्रांसफर से जुड़ा है, जिसे 27 फरवरी 2026 को जारी आदेश के तहत जोधपुर स्थित 32 विंग से असम के तेजपुर स्थित 11 विंग में स्थानांतरित कर दिया गया था।
पहली नजर में यह एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा लग सकता है, लेकिन जब अधिकारी ने इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी, तो कई गंभीर खामियां सामने आईं।
अंतिम फैसला: आदेश रद्द, याचिका मंजूर
सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद राजस्थान हाईकोर्ट ने कहा कि “विवादित ट्रांसफर आदेश विधि की दृष्टि में टिकाऊ नहीं है।”
हाईकोर्ट ने वायुसेना की ओर से 27 फरवरी 2026 को जारी किए गए ट्रांसफर आदेश रद्द करते हुए याचिका को स्वीकार किया.
लेकिन वायुसेना को दी छूट
हाईकोर्ट ने इसके साथ ही वायुसेना को भी छूट देते हुए कहा कि यदि आवश्यक हो तो नया आदेश जारी किया जा सकता है. लेकिन वह कानून, नीति और मानवीय आधारों के अनुरूप होना चाहिए