टॉप स्टोरी

ACB को नहीं पता ‘ग्राउंड ऑफ अरेस्ट’ क्या होता है, जजों और पुलिस को ट्रेनिंग की जरूरत : महेश जोशी की गिरफ्तारी पर राजस्थान हाईकोर्ट की बड़ी टिप्पणी, गिरफतारी कानून के अनुसार नहीं, फिर भी याचिका खारिज !

26 सप्ताह के गर्भ को समाप्त करने की अनुमति : पीड़िता ने दो बार किया सुसाइड का प्रयास, इसलिए हाईकोर्ट ने गंभीर अवस्था के बावजूद नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता को दी राहत, कहा-महिला की इच्छा, गरिमा और प्रजनन स्वायत्तता सर्वोपरि

चर्चित खबरें

क्या राजस्थान में बढ़ रही विधि और प्रशासन की खींचतान ? कानूनी तंत्र की अनदेखी सरकार के लिए बन सकती है बड़ी चुनौती….!

Rift in Rajasthan’s Legal & Administrative Corridors? Growing Tensions Raise Concerns for Government

जयपुर। राजस्थान के प्रशासनिक और कानूनी गलियारों में इन दिनों एक ऐसी चर्चा तेजी से चल रही है, जो आने वाले समय में सरकार के लिए गंभीर चिंता का विषय बन सकती है।

राज्य के वरिष्ठ विधि अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों, विशेषकर आईएएस अधिकारियों के बीच बढ़ती दूरी तथा कानूनी मामलों में बढ़ते हस्तक्षेप को लेकर कानूनी जगत में असंतोष का माहौल बताया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान राज्य के एक वरिष्ठ विधि अधिकारी ने एक आईएएस अधिकारी को उनके व्यवहार और कार्यशैली को लेकर फटकार भी लगाई थी।

बताया जाता है कि यह नाराजगी किसी एक घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि पिछले काफी समय से विधि अधिकारियों के बीच यह भावना पनप रही है कि प्रशासनिक अधिकारियों का प्रभाव कानूनी मामलों में लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे न्यायालयों में सरकार की स्थिति कमजोर पड़ रही है।

महत्वपूर्ण मामलों में सरकार को चुकानी पड़ी कीमत

कानूनी हलकों में चर्चा है कि पिछले कुछ वर्षों में कई महत्वपूर्ण मामलों में सरकार को अदालतों में प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।

इनमें जनहित और सरकारी हित से जुड़े ऐसे मामले भी शामिल हैं, जहां कमजोर पैरवी और समन्वय की कमी के आरोप लगाए जाते रहे हैं।

नीमकाथाना क्षेत्र में कथित रूप से सैकड़ों बीघा वन भूमि से जुड़े विवाद सहित कई मामलों का उल्लेख कानूनी विशेषज्ञों द्वारा किया जाता है।

उनका मानना है कि समय पर प्रभावी कानूनी रणनीति और मजबूत पैरवी नहीं होने के कारण सरकार को नुकसान उठाना पड़ा।

आश्चर्य की बात यह बताई जाती है कि जिन अधिवक्ताओं और अधिकारियों के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठते रहे हैं, उन्हें ही लगातार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाती रही हैं, जबकि कई अनुभवी और सक्षम अधिवक्ताओं को अपेक्षित अवसर नहीं मिल पाए।

प्रोटोकॉल और सम्मान का मुद्दा भी चर्चा

सूत्रों का कहना है कि राज्य के कई वरिष्ठ विधि अधिकारियों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि उन्हें उनके संवैधानिक और प्रशासनिक पदों के अनुरूप सम्मान और प्रोटोकॉल नहीं मिल रहा।

बताया जाता है कि पिछले एक वर्ष के दौरान हाईकोर्ट के ही विधि अधिकारियों के कार्यालयों में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति नगण्य रही है।

इसके विपरीत, विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों में विधि अधिकारियों को स्वयं प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों तक जाना पड़ता है।

कुछ बैठकों में वरिष्ठ विधि अधिकारियों को अपेक्षित महत्व नहीं दिए जाने की चर्चाएं भी कानूनी गलियारों में आम हैं।

कई लोगों का मानना है कि यह केवल व्यक्तिगत सम्मान का विषय नहीं बल्कि संस्थागत गरिमा और संवैधानिक व्यवस्था से जुड़ा प्रश्न है।

इस्तीफे की चर्चाओं ने बढ़ाई हलचल

राज्य के कानूनी जगत में पिछले कुछ समय से यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि राज्य के एक बेहद वरिष्ठ विधि अधिकारी अपनी परिस्थितियों से इतने असंतुष्ट हैं कि उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने तक की संभावना पर विचार किया है।

सूत्रों के अनुसार, उन्होंने अपने समकक्ष साथी अधिकारियों के समक्ष कई बार यह चिंता व्यक्त की है कि यदि प्रशासनिक हस्तक्षेप इसी प्रकार बढ़ता रहा तो इसका नुकसान अंततः सरकार को ही उठाना पड़ेगा।

बताया जाता है कि उन्होंने अनौपचारिक बातचीत में यह तक कहा कि वर्तमान सरकार कई क्षेत्रों में अच्छा कार्य कर रही है, लेकिन कुछ अधिकारियों की कार्यशैली उसकी उपलब्धियों पर पानी फेर सकती है।

हालांकि इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सौम्य स्वभाव के लिए पहचाने जाते हैं वरिष्ठ विधि अधिकारी

राज्य के वरिष्ठ विधि अधिकारी अपने शांत, संयमित और सौम्य व्यवहार के लिए जाने जाते हैं।

कानूनी समुदाय में उनकी छवि ऐसे अधिवक्ता की रही है जो टकराव की बजाय संवाद और संस्थागत समन्वय को प्राथमिकता देते हैं।

लेकिन कानूनी हलकों में यह भी कहा जा रहा है कि उनका यही विनम्र स्वभाव कई बार प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कमजोरी समझ लिया जाता है।

पिछले कुछ समय से विभिन्न मंचों पर उनकी नाराजगी और असहमति के संकेत भी देखने को मिले हैं।

अभियोजन व्यवस्था पर लगातार उठ रहे सवाल

राज्य में अभियोजन व्यवस्था को लेकर भी गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।

कानूनी विशेषज्ञों और अधिवक्ताओं का कहना है कि कई आपराधिक मामलों में अभियोजन पक्ष अपेक्षित मजबूती से अपना पक्ष रखने में असफल रहा है।

परिणामस्वरूप कई गंभीर आरोपों का सामना कर रहे अभियुक्तों को अदालतों से जमानत और अन्य राहतें मिल रही हैं।

हालांकि न्यायालय अपने निर्णय उपलब्ध साक्ष्यों और कानून के आधार पर देते हैं, लेकिन अभियोजन पक्ष की तैयारी और प्रस्तुति को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

कुछ अधिवक्ताओं का दावा है कि कई मामलों में लोक अभियोजकों के प्रदर्शन को लेकर शिकायतें बढ़ी हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

हाईकोर्ट की टिप्पणियां भी बढ़ा रही हैं चिंता

पिछले कुछ समय में राजस्थान हाईकोर्ट द्वारा विभिन्न मामलों में सरकार, जांच एजेंसियों और अभियोजन तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर टिप्पणियां की गई हैं।

कई मामलों में अदालत ने अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा जवाबदेही तय करने तक के निर्देश दिए हैं।

कई मामलों में तो राजस्थान हाईकोर्ट ने लोक अभियोजक के खिलाफ ना केवल टिप्पणी की हैं बल्कि उचित कदम उठाए जाने के ​लिए भी लिखा हैं.

कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि अदालत की ये टिप्पणियां केवल व्यक्तिगत मामलों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह राज्य की कानूनी और प्रशासनिक व्यवस्था में मौजूद संरचनात्मक चुनौतियों की ओर भी संकेत करती हैं।

आदेशों की पालना नहीं होना भी बड़ी समस्या

वरिष्ठ विधि अधिकारियों की एक बड़ी चिंता प्रदेश में अधिनस्थ अदालतों से लेकर हाईकोर्ट तक के आदेशों की समय पर पालना नहीं होना भी बताई जाती है।

कई मामलों में आईएएस अधिकारियों के इतर तहसीलदार से लेकर अन्य निचले स्तर के अधिकारियों द्वारा अदालत के आदेशों का समय पर पालन नहीं किए जाने के आरोप सामने आए हैं।

हाल ही में कोर्ट के एक अदालत के बावजूद तहसीलदार ने एक बुजूर्ग को कई दिनों तक हिरासत में बनाए रखा, जिसके चलते हाईकोर्ट ने तहसीलदार पर 5 लाख का जुर्माना तक लगाया.

स्थिति यह है कि अनेक मामलों में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिकाएं दायर होने के बाद ही कार्रवाई होती है।

अदालत द्वारा व्यक्तिगत उपस्थिति के आदेश दिए जाने के बाद ही अनुपालना सुनिश्चित होने के उदाहरण भी सामने आते रहे हैं।

क्या सरकार समय रहते संभालेगी स्थिति?

राजनीतिक और कानूनी जानकारों का मानना है कि यदि विधि विभाग, अभियोजन तंत्र और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित नहीं किया गया तो इसका सीधा असर सरकार की न्यायिक सफलता और सार्वजनिक छवि पर पड़ सकता है।

सरकार के स्तर पर समय-समय पर संवाद और समन्वय के प्रयास किए गए हैं, लेकिन कानूनी जगत में यह सवाल लगातार उठ रहा है कि क्या वरिष्ठ विधि अधिकारियों की चिंताओं को पर्याप्त गंभीरता से लिया जा रहा है।

फिलहाल राजस्थान के विधि और प्रशासनिक गलियारों में यही चर्चा है कि बढ़ती खींचतान को समय रहते नहीं रोका गया तो यह केवल संस्थागत असंतोष तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भविष्य में सरकार के लिए एक बड़े प्रशासनिक और राजनीतिक संकट का कारण भी बन सकती है।

(यह लेख विभिन्न कानूनी और प्रशासनिक सूत्रों से प्राप्त जानकारियों तथा संबंधित हलकों में चल रही घटनाओं और चर्चाओं पर आधारित है। उल्लिखित दावों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।)

सबसे अधिक लोकप्रिय

Rajasthan High Court Pulls Up ACB in Mahesh Joshi Arrest Case, Says Police Need Training on ‘Grounds of Arrest’

ACB को नहीं पता ‘ग्राउंड ऑफ अरेस्ट’ क्या होता है, जजों और पुलिस को ट्रेनिंग की जरूरत : महेश जोशी की गिरफ्तारी पर राजस्थान हाईकोर्ट की बड़ी टिप्पणी, गिरफतारी कानून के अनुसार नहीं, फिर भी याचिका खारिज !

Rajasthan High Court Allows Termination of 26-Week Pregnancy of Minor Rape Survivor, Upholds Reproductive Autonomy

26 सप्ताह के गर्भ को समाप्त करने की अनुमति : पीड़िता ने दो बार किया सुसाइड का प्रयास, इसलिए हाईकोर्ट ने गंभीर अवस्था के बावजूद नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता को दी राहत, कहा-महिला की इच्छा, गरिमा और प्रजनन स्वायत्तता सर्वोपरि